पूर्णिया के अमौर क्षेत्र के रहने वाले एक युवक के साथ महाराष्ट्र में दिल दहला देने वाली घटना घटी है। होली के दौरान दोस्तों के साथ शराब पीने के दौरान हुई कहासुनी के बाद दोस्तों ने युवक के गुदा मार्ग (Rectum) में स्टील का ग्लास डाल दिया। सात दिनों की असहनीय पीड़ा और तीन दिन की ट्रेन यात्रा के बाद पूर्णिया के डॉक्टरों ने सफल ऑपरेशन कर ग्लास को बाहर निकाला है।
मारपीट के दौरान दिया घटना को अंजाम
पीड़ित युवक महाराष्ट्र में काम करता है। 4 मार्च को होली के मौके पर शराब पीने के दौरान दोस्तों से उसका झगड़ा हो गया। इसी बीच नशे में धुत दोस्तों ने उसके साथ मारपीट की और गुदा मार्ग में स्टील का ग्लास डाल दिया। युवक लोक-लाज और डर के मारे वहीं किसी को बताने के बजाय ट्रेन पकड़कर पूर्णिया लौट आया।

पूर्णिया के अस्पताल में मिला जीवनदान
मरीज ने पूर्णिया पहुंचकर कई चिकित्सकों को दिखाया, जहां बेहोश करके भी ग्लास निकालने की कोशिश की गई लेकिन सफलता नहीं मिली। अंत में कप्तानपारा स्थित Dr R C Yadav Multi-Speciality Hospital में सर्जन डॉ. तारकेश्वर कुमार और एनेस्थेटिस्ट डॉ. विकास कुमार ने चुनौती स्वीकार की। सिग्मॉइडोस्कोपी में ग्लास रेक्टम में काफी गहराई में फंसा हुआ पाया गया। डॉक्टरों की टीम ने स्पाइनल एनेस्थीसिया देकर बिना किसी बड़ी चीर-फाड़ के सफलतापूर्वक ग्लास को बाहर निकाल दिया।
मरीज की स्थिति स्थिर
डॉक्टरों के अनुसार, मरीज पिछले 7 दिनों से गंभीर पीड़ा में था। फिलहाल उसे अस्पताल में निगरानी में रखा गया है। हालांकि युवक की स्थिति अब स्थिर है, लेकिन किसी भी प्रकार की आंतरिक चोट की संभावना को देखते हुए उसे ऑब्जर्वेशन में रखा गया है।

