पूर्णिया। न्यूजस्टिच
बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार कल 12 मार्च 2026 को पूर्णिया पहुंच रहे हैं। अपनी समृद्धि यात्रा के तहत मुख्यमंत्री जिले को विकास योजनाओं की बड़ी सौगात देंगे। इस दौरान वे 321 करोड़ रुपये की लागत वाली 8 योजनाओं का शिलान्यास और 164 करोड़ रुपये की 84 तैयार योजनाओं का उद्घाटन करेंगे। मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर जिला प्रशासन ने सुरक्षा और यातायात के पुख्ता इंतजाम किए हैं। एम्बुलेंस, फायर ब्रिगेड और आपातकालीन सेवाओं को इन प्रतिबंधों से पूरी तरह मुक्त रखा गया है।
अधिकारियों के साथ संयुक्त ब्रीफिंग
मुख्यमंत्री के कार्यक्रम की सफलता और विधि-व्यवस्था को लेकर बुधवार को जिलाधिकारी अंशुल कुमार और पुलिस अधीक्षक स्वीटी सहरावत ने महानंदा सभागार में संयुक्त ब्रीफिंग की। बैठक में सभी प्रतिनियुक्त दण्डाधिकारियों और पुलिस पदाधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया गया कि वे अपने निर्धारित स्थल पर समय से तैनात रहकर सेवा भाव से दायित्वों का निर्वहन करें।
शहर की सुरक्षा और सफाई पर जोर
जिलाधिकारी ने कार्यक्रम स्थल, हेलीपैड और सड़क मार्ग से अवैध अतिक्रमण हटाने, साफ-सफाई और पार्किंग व्यवस्था की गहन समीक्षा की। डीएसपी यातायात ने मुख्यमंत्री के काफिले की सुरक्षा के लिए शहर में 12 मार्च को सुबह 5 बजे से शाम 4 बजे तक प्रभावी रहने वाले ट्रैफिक प्लान की जानकारी दी।
कल घर से निकलने से पहले देख लें ये ट्रैफिक प्लान
मुख्यमंत्री की यात्रा के दौरान यातायात व्यवस्था सुचारू रखने के लिए पूर्णिया पुलिस ने कई प्रतिबंध और वैकल्पिक मार्ग घोषित किए हैं।
इन मार्गों पर रहेगा पूर्ण प्रतिबंध (सुबह 05:00 से शाम 04:00 तक): कसबा से पंचमुखी मंदिर (भाया रामबाग और भूतनाथ मंदिर)। होप हॉस्पिटल से रामबाग मार्ग। बिहार टॉकीज मोड़ से रामबाग की ओर। जनता चौक से पासवान चौक होकर रामबाग जाने वाली सड़क। कप्तान पुल से फातिमा हॉस्पिटल होकर रामबाग मार्ग। पंचमुखी मंदिर से फोर्ड कंपनी चौक होते हुए थाना चौक की ओर। लाइन बाजार से आर.एन. साह चौक मार्ग।
वैकल्पिक मार्ग (यहां से जा सकेंगे)
थाना चौक से लाइन बाजार: कला भवन रोड का उपयोग करें।
जनता चौक से शहर में प्रवेश: कोर्ट स्टेशन रोड, पूर्णिया कॉलेज चौक और मधुबनी बाजार मार्ग का उपयोग करें।
आर.एन. साह चौक से लाइन बाजार: पॉलीटेक्निक चौक और रजनी चौक मार्ग का उपयोग करें।
बसों और भारी वाहनों के लिए निर्देश:
अररिया/कसबा की बसें: जीरो माइल, बेलौरी और मरंगा मार्ग से बस स्टैंड पहुंचेंगी।
धमदाहा/बनमनखी की बसें: कोसी नर्सरी (नवनिर्मित बाईपास) का उपयोग करेंगी।
प्रतिबंध: कटिहार मोड़ से लाइन बाजार और बस स्टैंड से आर.एन. साह चौक की ओर भारी वाहन नहीं चलेंगे।
कहां होगी पार्किंग?
आम जनता के लिए: कला भवन, बीएसआरटीसी बस स्टैंड, जय प्रकाश सेवा संस्थान (रंगभूमि मैदान के पास), जल संसाधन विभाग परिसर (जनता चौक) और जिला स्कूल मैदान।
विशिष्ट अतिथियों के लिए: इंदिरा गांधी स्टेडियम और मानस भारती स्कूल।

