पूर्णिया। न्यूजस्टिच
जिले में रसोई गैस की किल्लत की अफवाहों के बीच शनिवार को जिला पदाधिकारी अंशुल कुमार एक्शन मोड में नजर आए। उन्होंने प्रमिला गैस एजेंसी के भंडार का औचक निरीक्षण किया और स्पष्ट किया कि जिले में रसोई गैस का पर्याप्त भंडार मौजूद है। आम जनता को किसी भी तरह की घबराहट या ईंधन संकट की आशंका पालने की कतई आवश्यकता नहीं है।
नया नियम: 25 दिन से पहले नहीं होगी दूसरी बुकिंग
निरीक्षण के दौरान डीएम ने भारत सरकार द्वारा लागू की गई नई पारदर्शी व्यवस्था की जानकारी दी। अब कोई भी घरेलू उपभोक्ता अपने पिछले सिलेंडर की डिलीवरी के कम से कम 25 दिनों के अंतराल के बाद ही अगले सिलेंडर की बुकिंग कर पाएगा। यह कदम गैस की जमाखोरी और कालाबाजारी को रोकने के लिए उठाया गया है। बुकिंग होने के 2 से 3 कार्य दिवसों के भीतर होम डिलीवरी सुनिश्चित की जाएगी।
कालाबाजारी रोकने के लिए धावा दल का गठन
जिला प्रशासन ने पेट्रोलियम पदार्थों के अवैध भंडारण और कृत्रिम अभाव पैदा करने वालों पर लगाम लगाने के लिए प्रखंडवार ‘धावा दल’ का गठन किया है। यह टीम निरंतर छापेमारी और निगरानी करेगी। यदि कोई एजेंसी या व्यक्ति दोषी पाया जाता है, तो उसके विरुद्ध ‘आवश्यक वस्तु अधिनियम-1955’ के तहत कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
साइबर अपराधियों से रहें सावधान
डीएम ने मीडिया के माध्यम से चेतावनी दी कि कुछ साइबर अपराधी गैस सिलेंडर देने के नाम पर ठगी की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने अपील की कि ऐसे किसी फोन कॉल के झांसे में न आएं और केवल प्राधिकृत पोर्टल से ही बुकिंग करें। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना जिला आपदा प्रबंधन के हेल्पलाइन नंबर 06454-242317 पर तुरंत दें। निरीक्षण के दौरान अपर समाहर्ता सह जिला आपूर्ति पदाधिकारी रविशंकर उरांव, सदर एसडीएम और अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

