purnia-ram-navami-art-of-living-jal-seva-stalls-pappu-yadav-vijay-khemka

Art of Living के मंच पर पक्ष-विपक्ष सब आए एक साथ! पूर्णिया रामनवमी में साथ दिखे MP,MLA और कांग्रेस नेता

मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम के जन्मोत्सव ‘रामनवमी’ के पावन अवसर पर पूर्णिया की सड़कें भक्ति और उत्साह से सराबोर रहीं। इस भव्य शोभायात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सेवा के लिए विभिन्न संस्थाओं ने हाथ आगे बढ़ाए। इसी कड़ी में, आर्ट ऑफ लिविंग (Art of Living) की पूर्णिया इकाई द्वारा अनुमंडल पदाधिकारी (SDM) कार्यालय के समीप एक विशाल ‘जल सेवा स्टॉल’ लगाया गया, जहाँ राजनीति और समाज सेवा से जुड़ी प्रमुख हस्तियों ने शिरकत की।

शोभायात्रा के स्वागत और सेवा के लिए लगाए गए इस स्टॉल पर पूर्णिया के निर्दलीय सांसद पप्पू यादव, पूर्णिया सदर के विधायक विजय खेमका, पूर्णिया नगर निगम की मेयर विभा कुमारी और उनके पति वरिष्ठ कांग्रेस नेता जितेंद्र यादव पहुंचे।

इन सभी दिग्गजों ने न केवल स्टॉल पर पहुंचकर आयोजकों का उत्साह बढ़ाया, बल्कि खुद अपने हाथों से श्रद्धालुओं के बीच शीतल जल और शरबत का वितरण कर ‘सेवा ही परमो धर्म’ का संदेश दिया। इस दौरान सांसद और विधायक ने स्थानीय लोगों से मुलाकात की और रामनवमी की शुभकामनाएं साझा कीं।

आर्ट ऑफ लिविंग के स्वयंसेवकों ने बताया कि गुरुदेव के बताए मार्ग पर चलते हुए सेवा कार्य किया जा रहा है। गौरतलब है कि बीते दिनों ही आर्ट ऑफ लिविंग के संस्थापक और आध्यात्मिक गुरु ‘गुरुदेव श्रीश्री रविशंकर’ का पूर्णिया आगमन हुआ था। उनके प्रवास और प्रवचनों से शहर के लोगों में सेवा और आध्यात्मिकता का जो नया संचार हुआ है, उसकी झलक इस रामनवमी शोभायात्रा में स्पष्ट रूप से देखने को मिली। गुरुदेव के दौरे के ठीक बाद संस्था द्वारा किए गए इस बड़े सेवा कार्य की शहरवासियों ने जमकर सराहना की।

एसडीएम कार्यालय के पास स्थित इस स्टॉल पर हजारों की संख्या में श्रद्धालुओं ने जल सेवा का लाभ लिया। नेताओं की मौजूदगी और उनके द्वारा की गई सेवा ने कार्यक्रम में चार चाँद लगा दिए। स्थानीय प्रशासन और पुलिस बल की मुस्तैदी के बीच शांतिपूर्ण और उत्साहपूर्ण माहौल में शोभायात्रा संपन्न हुई।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *