अब पैदा होंगी सिर्फ बछिया! पूर्णिया सीमेन स्टेशन ने रचा इतिहास, 11 राज्यों में हो रही यहां के वीर्य की सप्लाई

पूर्णिया। न्यूजस्टिच
बिहार के पूर्णिया जिले में स्थित मरंगा सीमेन स्टेशन ने पशुपालन के क्षेत्र में अपनी सफलता का लोहा मनवाया है। मंगलवार को जिलाधिकारी अंशुल कुमार ने इस स्टेशन का औचक निरीक्षण किया। केंद्र की उत्कृष्ट उपलब्धियों की सराहना की। यह स्टेशन न केवल बिहार, बल्कि देश के अन्य 11 राज्यों के लिए उच्च गुणवत्ता वाले सीमेन (वीर्य) का मुख्य केंद्र बन गया है।

लक्ष्य से अधिक उत्पादन और राष्ट्रीय पहचान
निरीक्षण के दौरान जिला पशुपालन पदाधिकारी डॉ.चंद्रशेखर आजाद ने डीएम को जानकारी दी कि वित्तीय वर्ष 2025-26 के लिए निर्धारित 50 लाख FSD (फ्रोजन सीमेन डोज) के लक्ष्य को पार कर लिया गया है। वर्तमान में यहाँ 53 लाख खुराक का उत्पादन किया जा चुका है। इस स्टेशन से उत्पादित सीमेन की आपूर्ति वर्तमान में बिहार के अलावा देश के 11 अन्य राज्यों में की जा रही है। इन सभी राज्यों से सीमेन की गुणवत्ता को लेकर बेहद सकारात्मक फीडबैक मिला है, जो पूर्णिया और बिहार के लिए गर्व की बात है।

तकनीकी क्रांति: अब केवल बछिया का होगा जन्म
प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार इस सीमेन स्टेशन में जल्द ही सेक्स सॉर्टेड सीमेन डोज (Sex Sorted Semen Doses) का उत्पादन शुरू होने वाला है। इस आधुनिक तकनीक का सबसे बड़ा लाभ यह होगा कि कृत्रिम गर्भाधान के बाद केवल बछिया का ही जन्म होगा। इससे दुग्ध उत्पादन में क्रांतिकारी वृद्धि होगी और किसानों व पशुपालकों की आय में भी इजाफा होगा।

स्टेशन की मुख्य विशेषताएं और इतिहास
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने 12 मई 2018 को शिलान्यास किया था। जबकि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 10 सितंबर 2020 को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से इसका शुभारंभ किया। 85 एकड़ में फैले इस केंद्र में 208 उच्च अनुवांशिक गुणों वाले सांढ रखने की क्षमता है। जिनमें से वर्तमान में 175 साँढ यहाँ मौजूद हैं। इस अत्याधुनिक केंद्र का निर्माण भारत सरकार के अनुदान से NDDB (राष्ट्रीय डेयरी विकास बोर्ड) द्वारा किया गया है। निरीक्षण के अंत में जिलाधिकारी ने संस्थान के महाप्रबंधक डॉ.सक्सेना और पूरी टीम को बधाई दी। उन्होंने कहा कि बिहार का एकमात्र सीमेन स्टेशन होने के नाते इसकी सफलता राज्य के डेयरी क्षेत्र के लिए संजीवनी के समान है। इस दौरान संबंधित चिकित्सा पदाधिकारी और अन्य कर्मचारी भी मौजूद रहे।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *