बिहार की प्रतिभा और संघर्ष की कहानियां अक्सर सोशल मीडिया के जरिए दुनिया के सामने आती हैं। ऐसी ही एक कहानी गोपालगंज जिले के रामनगर गांव की एक छात्रा की वायरल हुई। जिसने न केवल आम लोगों का दिल जीता, बल्कि बॉलीवुड अभिनेता और मसीहा कहे जाने वाले सोनू सूद को भी भावुक कर दिया। उन्होंने इस लड़की की मदद का भरोसा दिलाया है। इसकी जानकारी उन्होंने एक्स हैंडल से दी।
बिना व्हीलचेयर के 2 किमी दूर जाती थी स्कूल
दरअसल, रामनगर गांव की रहने वाली पैरों से दिव्यांग इस छात्रा का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में दिखाया गया है कि छात्रा के पिता नहीं हैं। मां मजदूरी करके घर चलाती है। शारीरिक बाधाओं के बावजूद इस लड़की का हौसला इतना बुलंद है कि वह हर रोज 2 किलोमीटर दूर स्थित अपने स्कूल इसी तरह संघर्ष करते हुए जाती है। बताया जा रहा है कि परिवार ने कई बार सरकारी व्हीलचेयर के लिए आवेदन दिया, लेकिन अब तक कोई मदद नहीं मिली।

सोनू सूद ने मांगा पता, घर पहुंच जाएगा व्हीलचेयर
छात्रा के संघर्ष का वीडियो जब सोशल मीडिया पर सोनू सूद तक पहुंचा, तो उन्होंने तुरंत प्रतिक्रिया दी। सोनू सूद ने अपने आधिकारिक हैंडल से रिप्लाई करते हुए लिखा पता भेज दीजिए, Wheelchair घर पहुंच जाएगा। उन्होंने पीड़ित परिवार से ‘सूद फाउंडेशन’ के माध्यम से संपर्क करने को कहा है। सोनू सूद की इस पहल के बाद इलाके के लोगों में खुशी की लहर है। लोग उनके इस जज्बे को सलाम कर रहे हैं।
विधायक ने भी मांगी जानकारी
सोनू सूद से पहले बिहार की भाजपा विधायक और चर्चित कलाकार मैथिली ठाकुर ने भी इस वीडियो को शेयर किया था। उन्होंने भी लड़की की मदद की इच्छा जताते हुए उसका पता मांगा था। अब उम्मीद जताई जा रही है कि इस होनहार छात्रा को जल्द ही व्हीलचेयर मिल जाएगी और उसकी स्कूल की राह आसान होगी।

