anupam-takes-charge-as-supaul-district-congress-president

Supaul District Congress: सुपौल में कांग्रेस का युवा अवतार! अनुपम ने संभाली जिलाध्यक्ष की कमान, राहुल गांधी का जताया आभार

सुपौल । न्यूजस्टिच
लोकप्रिय युवा नेता अनुपम ने सुपौल जिला कांग्रेस अध्यक्ष की जिम्मेदारी अपने हाथ में ले ली है। बीते मंगलवार को जारी पत्र में राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने संगठन सृजन अभियान के अंतर्गत अनुपम के नियुक्ति को स्वीकृति दी है। सुपौल स्थित कांग्रेस कार्यालय में आयोजित ‘दायित्व ग्रहण कार्यक्रम’ में अनुपम ने बतौर अध्यक्ष पहली बार पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। अनुपम ने कहा कि यह कोई जीत नहीं, जिम्मेदारी है जो राहुल गांधी जी ने उनपर विश्वास करके दिया है। इस अहम जिम्मेदारी का निर्वहन वो पूरी निष्ठा और ताकत से करेंगे। बिना किसी भेदभाव के उन सबको अवसर देंगे जिनमें मिलजुलकर काम करने की इच्छाशक्ति हो। सुपौल जिला एक समय में कांग्रेस का गढ़ हुआ करता था और आज भी यहां पार्टी के लिए असीम संभावनाएं हैं। जरूरत है बस मेहनत और लगन के साथ जमीन पर संघर्ष करने की।

राहुल गांधी और पार्टी के शीर्ष नेतृत्व का आभार
जिला कांग्रेस की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपने के लिए अनुपम ने राहुल गांधी और पार्टी के शीर्ष नेतृत्व का आभार व्यक्त किया। इस मौके पर अनुपम ने बधाई और शुभकामनाएं देने वाले सभी नेताओं, कार्यकर्ताओं और शुभचिंतकों का धन्यवाद किया। अनुपम ने कहा कि वो परिपक्व अनुभवी नेताओं और ऊर्जावान युवा नेताओं के बीच समन्वय बनाते हुए संगठन निर्माण पर ध्यान देंगे। नए लोगों को जोड़ने के साथ साथ उन पुराने लोगों को भी वापिस लाया जाएगा जो किसी कारण पार्टी से दूर हो गए या छूट गए। अनुपम ने भरोसा दिलाया कि आने वाले समय में कांग्रेस पार्टी आमजनों, शोषितों और युवाओं की आवाज बनकर उभरेगी जिससे हर नागरिक जुड़ा हुआ महसूस कर सके। इसके लिए कार्यकर्ता, कार्यक्रम और कार्यालय को प्राथमिकता दिया जाएगा। कार्यकर्ताओं के साथ सतत संवाद की प्रणाली विकसित की जाएगी। संगठन निर्माण और आंदोलन खड़ा करने के अलावा वैचारिक प्रशिक्षण पर भी ध्यान दिया जाएगा।

सभी सीटों पर पार्टी ठोस काम करेगी
अध्यक्ष पद ग्रहण करते हुए अनुपम ने कहा कि यह महत्वपूर्ण दायित्व नए संभावनाओं के द्वार खोलता है जिसका निर्वहन हम पूरी निष्ठा, ईमानदारी और ताकत से करेंगे। जिले के कर्मठ साथियों और सजग नागरिकों से निवेदन है कि इस अवसर का सार्थक इस्तमाल करके देश समाज के निर्माण में अपनी भूमिका निभाएं। साथ ही, पिछले कई वर्षों से जिले में जो चुनावी सूखा पड़ा है, उसको दूर करने के लिए भी आगामी लोकसभा और विधानसभा की सभी सीटों पर कांग्रेस पार्टी ठोस काम करेगी। पार्टी संगठन को पंचायत ही नहीं, बूथ तक पहुंचाया जाएगा ताकि हमारी चुनावी ताकत कई गुना बढ सके।

कोसी-मिथिलांचल के लोग ऊर्जावान और अनुभवी
अनुपम ने क्षेत्र के आम लोगों पर विश्वास जताते हुए कहा कि हमारे कोसी मिथिलांचल के इलाके में ऊर्जावान लोग हैं और अनुभवी भी, ऐसे लोग भरपूर हैं जिनमें समझदारी है और क्षमता भी, जो विचार में अडिग और निडर हैं तथा व्यवहार में विनम्र और कुशल हैं। पार्टी कोशिश करेगी कि ऐसे सभी लोगों को अवसर मिले जिनमें संघर्ष का जज्बा और काम करने की इच्छाशक्ति हो। अपने संबोधन में अनुपम ने कहा कि कोसी क्षेत्र ज्ञान और आंदोलन की धरती रही है। स्वतंत्रता आंदोलन से लेकर समाजवादी आंदोलन तक, हर मोड़ पर यहां की मिट्टी ने समाज को राह दिखाया है। हम अपने इस दायित्व के माध्यम से कोसी की उस महान परंपरा को जीवंत करना चाहते हैं। इस सफर में जो भी हमसफर बनेंगे, उनका नाम इतिहास के पन्नों में दर्ज होगा। इसलिए छोटे मोटे मतभेद और मनभेद को भुलाकर सभी कांग्रेसजनों को अब संघर्ष के लिए कमर कस लेना चाहिए। अनुपम ने इस अवसर पर सुपौलवासियों से भी अपील किया कि एक सुंदर समाज और बेहतर भविष्य के निर्माण में सभी मिलकर सकारात्मक योगदान दें। अनुपम ने कहा कि उनको बेहद खुशी और आत्मसंतुष्टि होगी अगर वो देश प्रदेश समाज में सकारात्मक बदलाव का निमित्त बन पाएं।

अनुपम की पहचान आदर्शवादी युवा नेता की
अनुपम की पहचान एक आदर्शवादी युवा नेता की है जो विचार व्यवहार और सिद्धांत से कभी समझौता नहीं करता। लोगों का मानना है कि राष्ट्रीय स्तर पर पहचान बना चुके युवा नेता अनुपम को पार्टी द्वारा सुपौल जिले की कमान देने के पीछे कोई बड़ी सोच है। पार्टी के इस फैसले से जिले की राजनीति एक बड़े बदलाव की तरफ बढ़ रही है। अनुपम ने कहा कि पार्टी उन गंभीर मुद्दों पर भी जमीनी संघर्ष करेगी जो आज अभिशाप का रूप ले चुके हैं। ज्ञात हो कि अनुपम ने कोसी क्षेत्र के पांच बड़े मुद्दों को लेकर बड़ा आंदोलन छेड़ा था। देखने वाली बात होगी कि आने वाले समय में कांग्रेस पार्टी कितनी ऊर्जा के साथ उभरती है।

सभी ने दी शुभकामनाएं
कांग्रेस कार्यालय में भारी संख्या में शामिल हुए नेताओं और कार्यकर्ताओं ने अनुपम का स्वागत करते हुए नए दायित्व की शुभकामनाएं दी। दायित्व ग्रहण कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष राज नारायण गुप्ता ने किया। उन्होंने अनुपम को बधाई देते हुए कहा कि सभी कार्यकर्ता आलाकमान के फैसले का स्वागत करते हैं और तन मन धन के साथ पार्टी को मजबूत करने का काम करेंगे। आने वाले समय में कांग्रेस पार्टी आमजन के मुद्दों को मजबूती से उठाते हुए नई ऊंचाइयों को छूएगी। कार्यक्रम का संचालन जिला के वरिष्ठ कांग्रेस नेता नरेश मिश्र ने किया।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *