न्यूज स्टिच/वैशाली
कहानी फ़िल्म शोले की तरह ही है लेकिन यहां वीरू की जगह बसंती मौजूद थी। लोगों की भीड़ जमा थी और दरोगा जी समेत उनका पूरा अमला विवश नजर आ रहा था। बसंती 100 मीटर ऊंचे 01 लाख 32 हजार वोल्ट के हाई टेंशन बिजली तार पर चढ़ी हुई थी और कूद कर जान दे देने का इशारा कर रही थी।बसंती ने मोबाइल के जरिये संदेश दिया कि जब तक उसके प्रेमी अर्थात वीरू को नही बुलाया जाएगा और दोनों की शादी पर परिवार वालों की रजामंदी नही होगी, वह अपनी जान दे देगी।लगभग 10 घण्टे तक हाई वोल्टेज ड्रामा चला और अंतःत वीरू को बुलाया गया और मामले का पटाक्षेप इलाके के एसडीएम की उपस्थिति में हुआ।बसंती को परिवार जनों को सौंप दिया गया है।लेकिन, समस्या यह है कि वीरू और बसंती दोनों नाबालिग है, लिहाजा बहरहाल शादी मुश्किल है।घटना वैशाली जिला के महनार थाना क्षेत्र के स्टेशन रोड की सोमवार की है।
जब दरोगा बसंती से लगाते रहे गुहार
जब बसंती टावर पर चढ़ गई तो पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस जब घटना स्थल पर पहुंची तो उसके हाथ-पांव फूल गए।ग्रामीणों की पुकार जब बसंती ने अनसुनी कर दी तो पुलिस ने मोर्चा संभाला। दारोगा जी ने माइक लगाया और गुहार लगाई ‘ जो भी कहोगी, अभी तुमको लेकर चलेंगे और उस लड़का से शादी कराएंगे। बात सुन रही है,मेरी आवाज तुम तक जा रही है। मैं पूरी तरह प्रॉमिस करता हूँ कि अभी तुम्हारी शादी उस लड़के से कराएंगे’। जब दारोगा जी को कोई सकारात्मक जवाब बसंती से नही मिला तो जूनियर दारोगा ने बसंती को फ़ोन लगाया और अपनी नौकरी का हवाला देते हुए कहने लगे ‘मेरी नौकरी को देखते हुए तुम नीचे उतर जाओ।मेरी बात को समझो, नीचे आ जाओ।तुम जो कहेगी, मैं तैयार हूं।तुम कहोगी आज शादी करेंगे तो एक घण्टे में तुम्हारी शादी करा देंगे । तुम केवल नीचे आओ बाबू ‘।लेकिन, बसंती वीरू को बुलाने की मांग पर अड़ी रही। अंत मे जब बसंती के वीरू को बुलाया गया तब टावर से नीचे बसंती उतरी।
दोनों आसपास के गांव के हैं निवासी
बसंती का घर महनार थाने मे है जबकि वीरू का घर 10किलोमीटर दूर देसरी थाना क्षेत्र मे पड़ता है। बताया जाता है कि दोनों की मुलाकात इंस्टाग्राम पर हुई और फिर इश्क हो गया।दोनों अलग -अलग जाति से ताल्लुक रखते हैं। नाबालिग और गैर जातीय होने के कारण बहरहाल शादी सम्भव नही दिख रहा है। लेकिन, बसंती अभी भी वीरू से शादी रचाने की जिद्द पर अड़ी हुई है।

