बारात में भौकाल पड़ा भारी! डांस के चक्कर में नाले में गिरा EMI वाला नया iPhone-17, डांस छोड़ नाले में कूदा दूल्हे का भाई

डेस्क। न्यूज स्टिच
उत्तर प्रदेश के औरैया जिले में एक बारात के दौरान हाई-वोल्टेज ड्रामा देखने को मिला। यहाँ दूल्हे के भाई को नए आईफोन का शो-ऑफ करना इतना महंगा पड़ गया कि उसे अपनी कीमती ड्रेस और बारात की शानो-शौकत छोड़कर गंदे नाले में उतरना पड़ा। घंटों की मशक्कत के बाद भी जब आईफोन नहीं मिला, तो भाई साहब का सारा जोश ठंडा पड़ गया।

EMI पर लिया था भौकाल वाला फोन
जानकारी के मुताबिक दूल्हे के भाई ने महज एक दिन पहले ही भारी-भरकम EMI पर iPhone-17 खरीदा था। मकसद सिर्फ एक था बारात में अपना भौकाल जमाना और रील बनाना। नए-नवेले फोन की चमक बिखेरने के लिए वह इसे हाथ में लेकर ही डांस कर रहा था। तभी अचानक भीड़ में किसी का हाथ लगा और लाखों का फोन सीधे सड़क किनारे गहरे और गंदे नाले में जा गिरा।

बारात छोड़ नाले में उतरा भाई
जैसे ही फोन हाथ से फिसला दूल्हे के भाई के होश उड़ गए। उसने आव देखा न ताव, अपनी महंगी शेरवानी और जूते की परवाह किए बिना सीधे नाले में छलांग लगा दी। बारात आगे बढ़ रही थी, बैंड-बाजा बज रहा था, लेकिन दूल्हे का भाई कीचड़ में हाथ मारकर अपना नसीब यानी आईफोन ढूंढ रहा था।

मशक्कत के बाद भी हाथ लगा सिर्फ कीचड़
घंटों तक नाले की खाक छानने और स्थानीय लोगों की मदद के बावजूद आईफोन का कहीं पता नहीं चला। बताया जा रहा है कि नाले का बहाव और गंदगी इतनी ज्यादा थी कि फोन गहरे मलबे में दब गया। अंत में थक-हारकर भाई साहब को खाली हाथ ही बाहर निकलना पड़ा। अब पूरे इलाके में इस डिजिटल बारात और भौकाली भाई के चर्चे हो रहे हैं।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *