vaishali-bidupur-sholay-style-lover-nitish-yadav-climbs-electricity-tower

वैशाली में ‘शोले’ का रियल लाइफ ड्रामा! पत्नी से मिलने की जिद में बोतल लेकर टॉवर पर चढ़ा वीरू

वर्ष 1975 में रमेश सिप्पी के निर्देशन में फ़िल्म ‘शोले’ बनी थी जो सुपर-डुपर हिट साबित हुई थी। इस फिल्म के किरदार जय (अमिताभ बच्चन) वीरू (धर्मेंद्र) और बसंती (हेमा मालिनी) को भला कौन भूल सकता है। इस फिल्म की याद सोमवार को उस वक्त ताजा हो गई जब, जिले के स्टेशन रोड, बिदुपुर में स्थित एक टावर पर एक युवक चढ़ गया और फिर कूद कर जान देने की धमकी देने लगा। युवक की पहचान स्थानीय काली स्थान निवासी नीतीश यादव के रूप में हुई। दरअसल, नीतीश की मांग थी कि उसे उसकी माशूका जो अब उसकी पत्नी बन चुकी है ,उससे मिलने दिया जाय और इसके लिए उसके पिता को बुलाने की मांग पर अड़ा रहा। लगभग तीन घण्टे के हाई वोल्टेज ड्रामा के बाद पुलिस के हस्तक्षेप के उपरांत नीतीश टावर से नीचे उतरा और मामले का पटाक्षेप हुआ।

याद कीजिए शोले के उस दृश्य को जब पानी टंकी पर चढ़ा हुआ वीरू शराब की बोतल हाथ मे लिए हुए था और बसंती की मौसी को कोस रहा था , ‘बुढ़िया जेल जाइंग, चक्की पीसिंग’ वगैरह वगैरह।चूंकि बिहार में शराबबंदी है तो नीतीश के हाथ मे बोतल तो जरूर थी लेकिन वह शराब की नही बल्कि पानी की थी। लेकिन, नीचे तमाशबीन बने लोगों को चिंता इस बात की थी कि पानी के अलावा उसके पास कीटनाशक दवा का पैकेट था और उसी के बूते वह मरने की बात कर रहा था।

वीरू और नीतीश में अपनी मांग मनाने के तरीके में साम्यता दिखी। वीरू तबतक पानी टंकी से उतरने को तैयार नही हुआ जबतक बसंती की मौसी ने हां नही भर दी।हालांकि , शोले फ़िल्म में उस मौके पर बसंती भी पहुंच गई थी औऱ मौसी को हामी भराने में अहम भूमिका निभाई थी।लेकिन, यहां नीतीश की माशूका नही पहुंची और केवल उसके पिता पहुंचे, उनके आश्वासन के बाद मामले का अंत हुआ और नीतीश टावर से नीचे उतरा।

नीतीश के अनुसार वह गांव की एक लड़की से शादी कर चुका है, लेकिन लड़की के परिजन उसे जबरन अपने साथ ले जाकर बंधक बना कर रखा है और उसे अपनी पत्नी से मिलने नही दिया जा रहा है। नीतीश के अनुसार, उसका लड़की से तीन साल से प्रेम-संबंध था और उसके बाद शादी हुई है।ग्रामीणों के अनुसार,सोशल मीडिया पर जब नीतीश ने शादी की तस्वीरें पोस्ट की थी तो दोनों परिवार के बीच विवाद भी हुआ था।नीतीश ने पुलिस के समक्ष स्वीकार किया कि अपनी पत्नी से मिलने का कोई विकल्प नही मिला तो उसने बिजली टावर पर चढ़ कर जान देने का फैसला किया।जानकारी अनुसार, सामाजिक स्तर पर इस मामले के समाधान का प्रयास किया जा रहा है।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *