भागलपुर। न्यूजस्टिच
मध्य पूर्व (Middle East) में जारी भीषण तनाव के बीच एक दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है। अंतरराष्ट्रीय शिपिंग कंपनी के तेल टैंकर पर हुए मिसाइल हमले में भागलपुर के कहलगांव प्रखंड अंतर्गत रानिबिमिया गांव निवासी इंजीनियर देवनंदन प्रसाद सिंह की मौत हो गई है। वह जहाज पर एडिशनल चीफ इंजीनियर के पद पर तैनात थे।
बसरा से सिंगापुर जा रहा था सेफसी विष्णु
जानकारी के अनुसार देवनंदन प्रसाद सिंह ब्रावो शिपिंग कंपनी के सेफसी विष्णु (Safsea Vishnu) नामक ऑयल टैंकर जहाज पर ड्यूटी पर थे। यह जहाज इराक के बसरा पोर्ट से अलजुबैर होते हुए सिंगापुर की ओर जा रहा था। बुधवार रात जब जहाज समुद्र के अशांत क्षेत्र से गुजर रहा था। तभी उस पर मिसाइल से हमला किया गया। कंपनी ने आज आधिकारिक रूप से उनकी मृत्यु की पुष्टि की है। इस हमले में जहाज पर सवार कई अन्य कर्मियों के भी घायल होने की खबर है।
ड्यूटी पर हूं, बाद में बात करूंगा थे आखिरी शब्द
देवनंदन के परिजनों ने बताया कि घटना से कुछ ही समय पहले उनकी फोन पर बात हुई थी। उन्होंने बड़े ही सामान्य लहजे में कहा था कि वे अभी समुद्र के बीच में हैं और ड्यूटी पर तैनात हैं, इसलिए ज्यादा देर बात नहीं कर पाएंगे। किसी को अंदाजा नहीं था कि एक होनहार इंजीनियर और परिवार के लाडले की यह आखिरी कॉल साबित होगी। देवनंदन प्रसाद सिंह की मौत की खबर मिलते ही रानिबिमिया गांव में मातम पसर गया है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और वे अब सरकार से शव को जल्द से जल्द घर लाने की गुहार लगा रहे हैं।

