बिना पिलर-सरिया के बन रहा था पुल! पटना में ताश के पत्तों की तरह ढहा निर्माणाधीन पुल, मलबे में दबे 2 मजदूर

बिहार में निर्माणाधीन पुलों के गिरने का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। ताजा मामला राजधानी पटना से सटे दानापुर के ढिबरा इलाके का है। जहां विजय सिंह पथ से ढिबरा तक बन रही सड़क के बीच निर्माणाधीन पुल अचानक जमींदोज हो गया। इस हादसे ने निर्माण कार्य में हो रही भारी लापरवाही और घटिया सामग्री के इस्तेमाल की कलई खोल कर रख दी है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार पुल का निर्माण बेहद असुरक्षित तरीके से किया जा रहा था। हादसे के वक्त वहां काम कर रहे दो मजदूर मलबे के नीचे दब गए। आनन-फानन में स्थानीय लोगों और जेसीबी की मदद से उन्हें बाहर निकाला गया। इनमें से एक मजदूर की हालत अत्यंत गंभीर बताई जा रही है, जिसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वह वर्तमान में जिंदगी और मौत के बीच जंग लड़ रहा है।

हादसे के बाद ग्रामीणों का गुस्सा सातवें आसमान पर है। स्थानीय लोगों का कहना है कि ठेकेदार द्वारा नियम-कानूनों को ताक पर रखकर निर्माण कार्य कराया जा रहा था। आरोप है कि पुल को बिना किसी मजबूत बेस या पिलर के सीधे मिट्टी पर खड़ा कर दिया गया था। यहां तक कि निर्माण में आवश्यक सरिया (Iron Rods) का भी उपयोग नहीं किया गया था। ग्रामीणों ने बताया कि इसी मार्ग पर एक और पुल भी इसी घटिया तकनीक से बनाया जा रहा है, जो कभी भी बड़े हादसे का सबब बन सकता है।

मौके पर मौजूद संवाददाता अमरजीत शर्मा ने बताया कि घटनास्थल पर अफरा-तफरी का माहौल है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि संबंधित ठेकेदार और अधिकारियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए। साथ ही, दूसरे निर्माणाधीन पुल की भी जांच कर उसे तत्काल रोकने की अपील की गई है ताकि भविष्य में किसी की जान न जाए।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *