कटिहार। न्यूजस्टिच
बिहार के कटिहार जिले से एक बेहद दुखद और बड़ी खबर सामने आ रही है। जहां कोढ़ा थाना क्षेत्र के बसगाड़ा चौक के पास एक भीषण सड़क हादसे में 10 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई है। यह हादसा शनिवार को उस वक्त हुआ जब एक यात्री बस और पिकअप वैन के बीच आमने-सामने की जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों वाहनों के परखच्चे उड़ गए और मौके पर ही चीख-पुकार मच गई।
मौके पर ही 10 लोगों ने तोड़ा दम
स्थानीय प्रशासन और पुलिस के अनुसार, इस भयावह दुर्घटना में अब तक 10 लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है। कोढ़ा अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (SDPO) ने मृतकों की संख्या की पुष्टि करते हुए बताया कि राहत और बचाव कार्य तेजी से चलाया जा रहा है। हादसे में दो दर्जन से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं।
पूर्णिया मेडिकल कॉलेज रेफर किए गए घायल
हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को इलाज के लिए नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए पूर्णिया मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया है। घायलों में कई की स्थिति अत्यंत नाजुक बनी हुई है, जिससे मृतकों का आंकड़ा बढ़ने की आशंका जताई जा रही है।
पुलिस की कार्रवाई जारी
घटना की सूचना मिलते ही कोढ़ा थाना पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुँची। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मृतकों की शिनाख्त की कोशिश की जा रही है। बसगाड़ा चौक पर फिलहाल अफरा-तफरी का माहौल है और पुलिस यातायात व्यवस्था को सुचारू करने के साथ-साथ हादसे के कारणों की जांच में जुट गई है।

