मुजफ्फरपुर। न्यूजस्टिच
मुजफ्फरपुर के कांटी थाना क्षेत्र से दिल दहला देने वाला एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसने रिश्तों की पवित्रता और इंसानियत, दोनों को शर्मसार कर दिया है। शहबाजपुर मठ के पास मधुबन जगदीश गांव में हुए ‘ट्रिपल मर्डर’ की जो सच्चाई सामने आई है, वह किसी रोंगटे खड़े कर देने वाली क्राइम थ्रिलर फिल्म की स्क्रिप्ट जैसी है।
साजिश की वह खौफनाक रात
मंगलवार की सुबह जब गांव के लोग सोकर उठे, तो उन्हें खबर मिली कि रीता देवी और उनके दो मासूम बच्चों 2 साल की वैदेही और महज 3 महीने के रुद्र की लाशें उनके कमरे में पड़ी हैं। मौके पर मौजूद पति संतोष साह चीख-चीख कर रो रहा था और शोर मचा रहा था कि पड़ोसियों ने जमीन विवाद में उसके हंसते-खेलते परिवार को खत्म कर दिया। गांव वालों की सहानुभूति संतोष के साथ थी, लेकिन कांटी थाना पुलिस की नजरों में कुछ तो था जो खटक रहा था।
झूठ का जाल और ‘परफेक्ट मर्डर’ की कोशिश
संतोष ने पुलिस को गुमराह करने के लिए जमीन विवाद की थ्योरी बुनी थी। उसने पूरी कोशिश की कि शक की सुई पड़ोसियों की तरफ मुड़ जाए। लेकिन कांटी पुलिस, FSL (विधि विज्ञान प्रयोगशाला) की टीम और पोस्टमार्टम रिपोर्ट ने इस ‘परफेक्ट मर्डर’ की साजिश की धज्जियां उड़ा दीं। जांच में यह बात सामने आई कि हत्या से पहले रीता को कोई नशीला पदार्थ पिलाया गया था। जब वह और बच्चे बेसुध हो गए, तो रात के अंधेरे में बड़ी बेरहमी से उनका गला दबाकर उन्हें मौत की नींद सुला दिया गया।
प्यार, फरेब और खूनी अंत
जैसे-जैसे पुलिस ने संतोष से कड़ाई से पूछताछ शुरू की, उसके झूठ के पुलिंदे ढहने लगे। आखिरकार, वह टूट गया और जो सच उसने उगला, उसने सबके होश उड़ा दिए। संतोष का गांव की ही एक युवती, करीना कुमारी के साथ प्रेम प्रसंग चल रहा था। वह करीना से शादी करना चाहता था, लेकिन उसके रास्ते में उसकी पत्नी और दो मासूम बच्चे सबसे बड़ी दीवार थे। प्यार के जुनून में अंधे होकर संतोष ने अपनी प्रेमिका करीना के साथ मिलकर खूनी साजिश रची। योजना के मुताबिक देर रात संतोष ने पत्नी को नशीला पेय पिलाया। जब पत्नी और बच्चे गहरी नींद में सो गए। तब उसने अपने ही हाथों से अपनी पत्नी और दोनों मासूमों का गला घोंट दिया। सुबह होते ही वह खुद पीड़ित बनकर रोने-धोने का नाटक करने लगा।
कानून का शिकंजा
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए हत्यारे पति संतोष साह और उसकी प्रेमिका करीना कुमारी, दोनों को गिरफ्तार कर लिया है। एक तरफ जहां तीन मौतों से पूरा इलाका गमगीन है। वहीं दूसरी तरफ लोग इस बात से हैरान हैं कि एक पिता अपनी 3 महीने की संतान का कातिल कैसे बन सकता है। पुलिस अब इस मामले के अन्य पहलुओं की जांच कर रही है ताकि कोर्ट में इस ‘क्राइम मास्टरमाइंड’ पति को कड़ी से कड़ी सजा दिलाई जा सके। यह मामला समाज के सामने एक कड़वा सच पेश करता है कि अवैध संबंधों की आग किस कदर मासूमों की जान ले सकती है।

