zehar-in-your-plate-vegetable-vendor-caught-coloring-okra-with-chemical-in-purnea

Purnia News: आपकी थाली में जहर तो नहीं? पूर्णिया में केमिकल से भिंडी चमकाते पकड़ाया सब्जी विक्रेता, हुई कार्रवाई

खाने-पीने की चीजों में मिलावट कर लोगों की सेहत से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ पूर्णिया जिला प्रशासन ने अब अपना शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। मंगलवार को बनमनखी इलाके में जिला प्रशासन और एनएचएआई की टीम ने एक ऐसी ही बड़ी कार्रवाई करते हुए एक सब्जी विक्रेता को रंगे हाथों पकड़ा है, जो भिंडी को प्रतिबंधित केमिकल से रंग कर बाजार में बेचने की तैयारी कर रहा था।

जिलाधिकारी अंशुल कुमार के सख्त निर्देशों के आलोक में मंगलवार को अनुमंडल पदाधिकारी बनमनखी और भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के अधिकारियों की टीम संयुक्त रूप से साइट विजिट पर निकली थी। जब यह टीम बनमनखी के धरहरा चौक के पास पहुंची, तो वहां का नजारा देख अधिकारी दंग रह गए। वहां एक सब्जी विक्रेता भिंडी की खेप को जहरीले केमिकल से कलर कर रहा था ताकि वे ताजी और चमकीली दिख सकें। अधिकारियों ने तुरंत कार्रवाई करते हुए रंगे हाथों विक्रेता को दबोच लिया और मिलावटी सब्जियों को जब्त कर लिया।

पकड़े गए सब्जी विक्रेता के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई के लिए उसे थाना अध्यक्ष बनमनखी और जिला खाद्य पदाधिकारी के हवाले कर दिया गया है। खाद्य विभाग अब उस केमिकल की जांच कर रहा है जिसका उपयोग सब्जियों को रंगने में किया जा रहा था। जानकारों की मानें तो इस तरह के सिंथेटिक रंगों का सेवन लीवर और किडनी के लिए बेहद घातक हो सकता है।

जिला प्रशासन ने स्पष्ट कर दिया है कि जिले में खाद्य पदार्थों में मिलावट करने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। ज्ञातव्य हो कि जिलाधिकारी के नेतृत्व में पूरे पूर्णिया जिले में मिलावटखोरों के विरुद्ध एक विशेष अभियान चलाया जा रहा है।

जिला प्रशासन ने आम नागरिकों से भी अपील की है कि वे बाजार से सब्जी या अन्य खाद्य पदार्थ खरीदते समय सतर्क रहें। यदि कहीं भी मिलावट या संदिग्ध गतिविधि दिखाई दे, तो तुरंत संबंधित अधिकारियों को सूचित करें। बमनखी की यह घटना एक चेतावनी है कि मुनाफाखोरी के चक्कर में कुछ लोग मासूम जिंदगियों से सौदा कर रहे हैं। हालांकि, जिला प्रशासन की इस मुस्तैदी से यह साफ है कि पूर्णिया में अब मिलावटखोरों के दिन लद चुके हैं। सजग रहें, सुरक्षित रहें।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *