पूर्णिया।न्यूजस्टिच
कहते हैं कि रिश्तों की मर्यादा जब टूटती है तो अंजाम रूह कपा देने वाला होता है। पूर्णिया के अमौर थाना क्षेत्र में एक ऐसा ही मामला सामने आया है। जहां अवैध संबंधों के जाल और चंद रुपयों की लालच ने एक हंसते-खेलते परिवार को उजाड़ दिया। एक 36 वर्षीय युवक की उसकी अपनी ही बड़ी मां और भाई ने मिलकर पीट-पीटकर हत्या कर दी। वारदात को छिपाने के लिए शव को कंबल में लपेटकर कमरे के कोने में डाल दिया गया, लेकिन पत्नी की जिद ने इस खौफनाक राज से पर्दा उठा दिया।
अनैतिक रिश्ते और 50 हजार का विवाद
घटना धुरपैली पंचायत के वार्ड नंबर 4 की है। मृतक की पहचान भालचंद विश्वास (36 वर्ष) के रूप में हुई है, जो पेशे से किसान और ट्रैक्टर चालक था। मृतक की पत्नी गुंजा देवी के बयानों ने इस हत्याकांड के पीछे की काली सच्चाई उजागर की है। गुंजा के मुताबिक उसके पति का अपनी ही बड़ी मां रोमा देवी के साथ साल 2020 से अवैध संबंध चल रहा था। इसी अनैतिक रिश्ते की वजह से घर में अक्सर कलह होती थी। विवाद तब और गहरा गया जब भालचंद ने जमीन बेचकर मिले पैसों में से 50 हजार रुपये बड़ी मां को दे दिए। रविवार सुबह जब पत्नी ने घर के खर्च के लिए पैसे मांगे, तो भालचंद वही पैसे वापस लेने बड़ी मां के घर गया। लेकिन वहां उसे पैसे तो नहीं मिले मौत नसीब हुई।
कंबल में लिपटा मिला पति का शव
काफी देर तक जब भालचंद वापस नहीं लौटा। तो गुंजा उसे ढूंढते हुए बड़ी मां के घर पहुंची। वहां मौजूद लोगों ने उसे भगाने की कोशिश की। जिससे उसका शक गहरा गया। जब वह जबरन कमरे के अंदर दाखिल हुई, तो नजारा देख उसके पैरों तले जमीन खिसक गई। भालचंद का शव कंबल में लपेटकर कोने में छिपाया गया था। विरोध करने पर गुंजा के साथ भी मारपीट की गई, जिसके बाद शोर सुनकर ग्रामीण जुटे और पुलिस को सूचना दी गई।
तीन मासूमों के सिर से उठा पिता का साया
भालचंद की मौत ने उसकी पत्नी और तीन छोटे बेटों (6, 4 और 2 वर्ष) को सड़क पर ला खड़ा किया है। रोती-बिलखती पत्नी ने बताया कि उस औरत के मोहपाश में आकर उसके पति ने न केवल उसे प्रताड़ित किया, बल्कि उसके कपड़े तक जला दिए थे। आज वही अवैध संबंध उसकी जान का दुश्मन बन गया।
पुलिस की कार्रवाई और जांच
सूचना मिलते ही डीएसपी जितेंद्र पांडे और थानाध्यक्ष अवधेश कुमार भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुँचे। पुलिस ने मुख्य आरोपी महिला (बड़ी मां) को हिरासत में ले लिया है, जबकि उसका बेटा फरार बताया जा रहा है। थानाध्यक्ष ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया है। लिखित आवेदन मिलते ही प्राथमिकी दर्ज कर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

