पूर्णिया। न्यूजस्टिच
पूर्णिया में दिल दहलाने देने वाली वारदात हुई है. जहां मक्के के लहलहाते खेतों के बीच से एक ऐसी खबर आई है जिसने सुरक्षा व्यवस्था और मानवीय संवेदनाओं पर सवाल खड़े कर दिए हैं। जिले के केनगर थाना अंतर्गत बेला रिकाबगंज पंचायत (वार्ड-9) में एक 25 वर्षीय युवती का शव संदिग्ध अवस्था में बरामद किया गया है। मृतका की पहचान कसबा थाना क्षेत्र के फुलवारिया गांव निवासी जीवन यादव की पुत्री कंचन कुमारी के रूप में हुई है।
ग्रामीणों ने खेत किनारे देखा खौफनाक मंजर
बुधवार की सुबह जब बेला रिकाबगंज के ग्रामीण अपने खेतों की ओर निकले तो रिकाबगंज बांध के समीप मक्के के खेत के किनारे एक युवती को बेसुध पड़ा देखा। पास जाकर देखने पर पता चला कि उसकी मौत हो चुकी है। देखते ही देखते यह खबर पूरे इलाके में आग की तरह फैल गई और घटनास्थल पर सैकड़ों लोगों का हुजूम उमड़ पड़ा। हर कोई बस एक ही सवाल पूछ रहा था आखिर कसबा की रहने वाली कंचन यहां तक कैसे पहुंची?
पुलिस की तफ्तीश: क्या यह सोची-समझी हत्या है?
घटना की सूचना मिलते ही केनगर थानाध्यक्ष अजय कुमार अजनबी दलबल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से मुआयना किया। प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि युवती की मौत कहीं और कर शव को यहां ठिकाने लगाया गया है या वारदात इसी स्थान पर हुई है। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए पूर्णिया जीएमसीएच भेज दिया है। थानाध्यक्ष ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों (हत्या, आत्महत्या या कोई अन्य हादसा) का खुलासा हो पाएगा।
परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल
इधर, जैसे ही कंचन की मौत की खबर कसबा के फुलवारिया पहुंची, परिजनों में कोहराम मच गया। घर वालों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस परिजनों से भी पूछताछ कर रही है ताकि यह पता चल सके कि कंचन घर से कब और किसके साथ निकली थी।

