purnia-wife-killed-husband-with-lover-during-ashtyam-kirtan-noise

Purnia Murder Case: अष्टयाम के शोर में पति की हत्या, पत्नी ने प्रेमी संग मिलकर रची साजिश, 10 KM दूर फेंकी लाश

पूर्णिया। न्यूजस्टिच
रिश्तों के कत्ल की एक ऐसी दास्तां सामने आई है जिसने पूरे जिले को झकझोर कर रख दिया है। कसबा थाना क्षेत्र के राधानगर (वार्ड 09) में एक पत्नी ने प्रेमी के साथ मिलकर अपने ही पति उमेश सिंह (40 वर्ष) की निर्मम हत्या कर दी। कातिलों ने वारदात के लिए गांव के मंदिर में चल रहे अष्टयाम कीर्तन के शोर को ढाल बनाया, ताकि चीखें बाहर न जा सकें।

कीर्तन के शोर में ‘चीख’ दब गई
मृतक के परिजनों के अनुसार, गांव में अष्टयाम का आयोजन हो रहा था। लाउडस्पीकर और ढोल-मजीरों की गूँज के बीच घर के अंदर खूनी खेल खेला गया। पत्नी सुनीता देवी ने अपने सहयोगियों के साथ मिलकर धारदार ‘दबिया’ से उमेश के चेहरे और गले पर दर्जनों वार किए। शोर इतना था कि पड़ोसियों को भनक तक नहीं लगी कि पास के घर में एक इंसान की जान ली जा रही है।

बाथरूम की टंकी में छिपाया ‘गुनाह’
वारदात का खुलासा तब हुआ जब बुधवार सुबह उमेश के बड़े भाई महेश सिंह ने आंगन और बाथरूम के पास खून की बूंदें देखीं। जब बाथरूम की पानी वाली टंकी का ढक्कन खोला गया, तो अंदर का नजारा देख सबकी रूह कांप गई। टंकी के भीतर खून से लथपथ कंबल, बिछावन और हत्या में इस्तेमाल किया गया ‘दबिया’ छिपाया गया था।

10 KM दूर बोरी में मिली लाश
साक्ष्य मिटाने के लिए आरोपियों ने शव को बोरी में बंद किया और कसबा से करीब 10 किलोमीटर दूर अमौर थाना क्षेत्र के पलसा पुल के पास फेंक दिया। फेसबुक पर वायरल हुई एक लावारिस लाश की तस्वीर देखकर परिजनों ने उमेश की शिनाख्त की। पुलिस का मानना है कि शव को इतनी दूर ले जाने में निश्चित रूप से किसी वाहन और 2-3 लोगों का हाथ है।

पुलिस की कार्रवाई और स्पीडी ट्रायल
अमौर थानाध्यक्ष अवधेश कुमार और कसबा पुलिस की संयुक्त टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी पत्नी सुनीता देवी समेत दो संदिग्धों को हिरासत में ले लिया है। फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वायड ने मौके से वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर इस मामले में स्पीडी ट्रायल चलाकर दोषियों को कड़ी सजा दिलाने की तैयारी की जा रही है।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *