Latest news of Women and Child Development Corporation Khagaria

Khagaria News: खगड़िया के अलौली में सखी वार्ता का सफल आयोजन, बेटियां नहीं किसी से कम, मिटा दो अपने सारे भ्रम का दिया मंत्र

खगड़िया: न्यूजस्टिच
महिला एवं बाल विकास निगम खगड़िया के तत्वावधान में मंगलवार को अलौली प्रखंड के मेघौना में सखी वार्ता जागरूकता कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य किशोरियों को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करना और समाज में व्याप्त लैंगिक भेदभाव को समाप्त करना रहा।

महावारी स्वच्छता और स्वास्थ्य पर विशेष चर्चा
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित विशेषज्ञों ने किशोरियों को महावारी स्वच्छता के बारे में विस्तार से जानकारी दी। विशेषज्ञों ने बताया कि स्वास्थ्य और पोषण ही समग्र विकास की पहली सीढ़ी है। बालिकाओं को सलाह दी गई कि वे अपनी सेहत के प्रति जागरूक रहें और स्वच्छता के मानकों का पालन करें।

बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ का गूंजा नारा
सखी वार्ता में उपस्थित जिला परियोजना प्रबंधक और लैंगिक विशेषज्ञों ने शिक्षा के महत्व पर जोर देते हुए कहा कि जब एक लड़की शिक्षित होती है, तो आने वाली कई पीढ़ियां सशक्त होती हैं। कार्यक्रम में बेटी नहीं है किसी से कम, मिटा दो अपने सारे भ्रम और बेटी है अनमोल उपहार, शिक्षा है उसका अधिकार जैसे नारों के माध्यम से समाज को बेटियों के उत्थान के लिए प्रेरित किया गया।

योजनाओं की जानकारी और सशक्तिकरण
इस अवसर पर महिला एवं बाल विकास निगम के कर्मियों द्वारा सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं (जैसे मुख्यमंत्री कन्या उत्थान योजना, सुकन्या समृद्धि योजना) के बारे में जानकारी दी गई। कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं के खिलाफ हिंसा और लैंगिक असमानता जैसे मुद्दों को संबोधित कर बालिकाओं को निडर बनाना था।

इनकी रही उपस्थिति
इस जागरूकता कार्यक्रम में महिला एवं बाल विकास निगम के जिला परियोजना प्रबंधक विजय कुमार सिन्हा, लैंगिक विशेषज्ञ, परामर्शी, संबंधित आंगनवाड़ी सेविकाएं और लगभग 55 किशोरियां उत्साहपूर्वक उपस्थित रहीं।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *