बिहार के अररिया जिले के फारबिसगंज स्थित मार्केटिंग यार्ड में गुरुवार की सुबह पार्किंग विवाद ने रोंगटे खड़े कर देने वाले दोहरे हत्याकांड का रूप ले लिया। मामूली बात से शुरू हुए विवाद में पहले एक पिकअप ड्राइवर का सिर कलम कर हत्या की गई, जिसके बाद उग्र भीड़ ने आरोपी को मॉब लिंचिंग का शिकार बना दिया। घटना के बाद पूरे इलाके में तनाव व्याप्त है और उग्र लोगों ने अनुमंडल अस्पताल में जमकर तोड़फोड़ की है। और एंबुलेंस को नुकसान पहुंचाया है। इधर, पूरे इलाके में बढ़ रहे तनाव की स्थिति को नियंत्रित करने के लिए खुद पुलिस अधीक्षक (SP) जितेंद्र कुमार को मोर्चा संभाला और पूरे इलाके में भारी पुलिस बल की तैनाती कर दी।
विवाद की शुरुआत और वीभत्स हत्या
घटना फारबिसगंज मार्केटिंग यार्ड के समीप सब्जी मंडी की है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, एक पिकअप वाहन चालक और सत्तू विक्रेता के बीच वाहन खड़ा करने को लेकर कहासुनी शुरू हुई। विवाद इतना बढ़ा कि सत्तू विक्रेता ने अपना आपा खो दिया और पास रखे एक धारदार चाकू से वाहन चालक पर हमला कर दिया। हमला इतना तेज और वीभत्स था कि वाहन चालक का सिर धड़ से अलग हो गया। मृतक की पहचान नबी हुसैन के रूप में की गई है।
भीड़ का इंसाफ: आरोपी की पीट-पीटकर हत्या
सरेआम हुई इस नृशंस हत्या को देख आसपास के लोग आक्रोशित हो गए। मौके पर जुटी सैकड़ों की भीड़ ने आरोपी दुकानदार को घेर लिया। पुलिस की मौजूदगी के बावजूद उग्र भीड़ ने आरोपी को पकड़ लिया और उसे पीट-पीटकर मौत के घाट उतार दिया। बाद में आरोपी की पहचान रवि चौहान के रूप में हुई। एक ही स्थान पर दो मौतों के बाद इलाके में अफरा-तफरी और दहशत फैल गई।
अस्पताल में तोड़फोड़ और आगजनी
घटना से नाराज लोगों का गुस्सा यहीं शांत नहीं हुआ। शवों को जब अनुमंडलीय अस्पताल लाया गया, तो वहां भी उग्र भीड़ ने जमकर हंगामा किया। आक्रोशित लोगों ने अस्पताल परिसर में तोड़फोड़ की और स्वास्थ्य सेवाओं को बाधित करने का प्रयास किया। इसके अलावा, प्रदर्शनकारियों ने सड़क पर उतरकर टायर जलाकर आगजनी की और कई दुकानों में भी तोड़फोड़ की। फारबिसगंज की मुख्य सड़कें रणक्षेत्र में तब्दील हो गईं।
SP ने संभाला मोर्चा, पुलिस बल तैनात
हालात को बेकाबू होते देख अररिया के पुलिस अधीक्षक जिेंद्र कुमार भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने खुद मोर्चा संभालते हुए आक्रोशित लोगों को शांत कराने की कोशिश की। SP ने स्पष्ट किया कि स्थिति अब नियंत्रण में है और दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
उन्होंने आम नागरिकों से अपील करते हुए कहा:
“इलाके में भारी पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है। कानून को हाथ में लेने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। हम मामले की गहराई से तहकीकात कर रहे हैं। मेरी नागरिकों से अपील है कि किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें और शांति व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करें। उन्होंने लोगों से किसी भी प्रकार की जानकारी लेने के लिए पुलिस अधिकारियों से संपर्क करने की अपील की है और अपना नंबर भी जारी किया है।

