बिहार के अररिया जिले के फारबिसगंज थाना क्षेत्र से एक रूह कंपा देने वाली खबर सामने आई है। यहां फारबिसगंज मार्केटिंग यार्ड के समीप एक सत्तू बेचने वाले ने मामूली विवाद में पिकअप ड्राइवर की धारदार हथियार से सरेआम गला काटकर हत्या कर दी। हमला इतना जोरदार था कि पल भर में ही मौके पर सर धर से अलग हो गया। चारों ओर चीख-पुकार मच गई। इसके बाद गुस्साए भीड़ ने उसको पकड़कर पीटाई कर दी।
विवाद का खौफनाक अंत
प्राप्त जानकारी के अनुसार फॉरबिसगंज के मार्केटिंग यार्ड के पास हमेशा की तरह चहल-पहल थी। इसी दौरान एक पिकअप चालक और वहां सत्तू की दुकान लगाने वाले शख्स के बीच किसी बात को लेकर बहस शुरू हुई। देखते ही देखते बात गाली-गलौज तक पहुंच गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक इससे पहले कि कोई कुछ समझ पाता, आक्रोशित सत्तू दुकानदार ने अपने पास रखा एक अत्यंत धारदार हथियार निकाला और पिकअप ड्राइवर के गले पर जोरदार वार कर दिया। आरोपी ने इतनी बेरहमी से हमला किया कि मृतक का सिर धड़ से लगभग अलग हो गया।
दहशत के बीच लोगों ने दिखाया साहस
दिनदहाड़े हुई इस जघन्य हत्या को देखकर आसपास के दुकानदारों और राहगीरों में भगदड़ मच गई। हालांकि मौके पर मौजूद कुछ साहसी युवाओं ने भागने की कोशिश कर रहे आरोपी की घेराबंदी कर दबोच लिया। आक्रोशित भीड़ ने आरोपी की पिटाई भी की, लेकिन समय रहते पुलिस को सूचना दे दी गई।
पुलिस की कार्रवाई और जांच
घटना की सूचना मिलते ही फारबिसगंज थाना पुलिस दलबल के साथ मौके पर पहुंची और आरोपी को अपनी हिरासत में ले लिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अररिया सदर अस्पताल भेज दिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि हत्या के सटीक कारणों का पता लगाया जा रहा है। शुरुआती जांच में इसे आपसी विवाद का मामला माना जा रहा है, लेकिन क्या इसके पीछे कोई पुरानी रंजिश थी, इसकी भी गहनता से जांच की जा रही है। मार्केटिंग यार्ड जैसे व्यस्त इलाके में हुई इस वारदात ने कानून-व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय व्यापारियों में इस घटना को लेकर गहरा आक्रोश और भय व्याप्त है। पुलिस ने इलाके में गश्त बढ़ा दी है ताकि स्थिति नियंत्रण में रहे।

